गुरुग्राम के सेक्टर-56 इलाके से सामने आए एक सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सड़क पर एक महिला बाइकर को बेरहमी से टक्कर मारने वाले आरोपी कार चालक को पुलिस ने धर दबोचा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई गुरुग्राम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

​CCTV से खुला राज

​पुलिस ने जब घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो मामला महज एक हादसा नहीं बल्कि काफी गंभीर नजर आया। फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास यानी धारा 109 BNS जोड़ दी। इसके साथ ही पीड़िता के बयानों को आधार बनाते हुए मुकदमे में धारा 78 और 79 BNS की बढ़ोतरी भी की गई, जिससे आरोपी पर शिकंजा और कस गया।

​राजस्थान से दबोचा गया आरोपी


Advertisement

​आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के बाद सोहना क्राइम ब्रांच की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 33 साल के आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा और राजगढ़ के बीच से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पलवल का रहने वाला है। जब पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ने की कोशिश की, तो उसने मौके से भागने की पूरी कोशिश की। इसी आपाधापी में उसे चोटें आ गईं, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल ले जाकर प्राथमिक इलाज कराया।

​कार बरामद, जांच जारी

​पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन अभी जारी है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी से साफ संदेश गया है कि सड़कों पर गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

---समाप्त---