सुभाषनगर डिबडिबा में शराब के ठेके के पास इलाके के चर्चित गैंगस्टर संदीप सिंह चौहान उर्फ सनिया की दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर की गई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। दुस्साहसिक वारदात के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को दबोच लिया। शनिवार तड़के करीब चार बजे मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े बदमाश टैमरा चौराहे के पास से कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही बिलासपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
मुठभेड़ की जानकारी देते सीओ बिलासपुर
जवाबी फायरिंग में घायल हुआ मुख्य आरोपी
पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी रणवीर सिंह उर्फ रम्मी के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। मुख्य आरोपी के लहूलुहान होते ही बाकी दो साथियों के हौसले पस्त हो गए और उन्होंने हाथ खड़े कर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने घायल रम्मी को तुरंत कब्जे में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मौके से पकड़े गए तीसरे आरोपी की पहचान खानपुर निवासी आदित्य उर्फ आदि के तौर पर हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने बदमाशों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर छिपाई थी बाइक
थाने लाकर जब बदमाशों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वे सीधे मुरादाबाद भागे थे। वहां उन्होंने कत्ल में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी थी और ट्रेन पकड़कर दिल्ली भागने की फिराक में थे। इस खुलासे के बाद उपनिरीक्षक योगेश कुमार पुलिस टीम लेकर मुरादाबाद पहुंचे और पार्किंग से बाइक बरामद कर ली। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध असलहे रखने के आरोप में पकड़े गए तीनों बदमाशों पर अलग से भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
---समाप्त---