रुद्रपुर में इंडेन गैस वितरण प्रणाली की बदहाली गुरुवार को उस समय खुलकर सामने आ गई जब हजारों की संख्या में उपभोक्ता गैस गोदाम पर एकत्रित हो गए। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच सुबह से ही लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब उन्हें सिलेंडर नहीं मिले तो सब्र का बांध टूट गया। गोदाम परिसर में देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने गैस एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उपभोक्ताओं का आरोप था कि उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया जा रहा है और बार-बार सर्वर डाउन होने का बहाना बनाया जा रहा है।
महिलाओं व बुजुर्गों की लगी लंबी लाइन
हंगामे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां की अव्यवस्था और महिलाओं व बुजुर्गों को लाइन में बेहाल देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रमोद पांडे को तलब किया और जनता की परेशानियों को नजरअंदाज करने पर उन्हें जमकर फटकार लगाई। ठुकराल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता के साथ इस तरह का व्यवहार और अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने प्रबंधक को सख्त निर्देश दिए कि वितरण प्रणाली को तत्काल पारदर्शी और सुगम बनाया जाए ताकि दूर-दराज से आए लोगों को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना न झेलनी पड़े।
ठुकराल ने की ऑफलाइन बुकिंग की मांग
पूर्व विधायक ने मौके की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दूरभाष पर एडीएम, एसडीएम और जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क साधा। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि ऑनलाइन बुकिंग और सर्वर की तकनीकी खामियों के कारण गरीब जनता पिस रही है। ठुकराल ने पुरजोर मांग रखी कि जब तक सर्वर और ऑनलाइन व्यवस्था पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक उपभोक्ताओं के लिए ऑफलाइन बुकिंग और मैन्युअल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए तो जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रशासनिक दखल के बाद शुरू हुआ वितरण
ठुकराल के कड़े रुख के बाद तहसीलदार दिनेश कुटौला पुलिस बल के साथ गैस गोदाम पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया और भरोसा दिलाया कि वितरण प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। प्रशासनिक दखल और पुलिस की निगरानी के बीच गैस सिलेंडरों का वितरण दोबारा शुरू कराया गया। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल स्वयं कई घंटों तक मौके पर डटे रहे और यह सुनिश्चित किया कि लाइनों में लगे लोगों को बिना किसी भेदभाव और देरी के सिलेंडर मिल सकें। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भविष्य में ऐसे संकट को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया।
---समाप्त---