जनपद में ईंधन की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और मनमानी तरीके से रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी का मानना है कि उपभोक्ताओं को परेशानी मुक्त सेवा देना सरकार की प्राथमिकता है। इस व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जानकारी दी कि सभी गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर प्रशासन के साथ पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने आम जनमानस को आगाह किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और यदि कहीं भी कालाबाजारी की सूचना मिलती है, तो तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा कंट्रोल रूम को सूचित करें ताकि दोषियों पर तुरंत कार्यवाही की जा सके।

बुकिंग और वितरण की नई व्यवस्था लागू

​जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनता को भरोसा दिलाया है कि जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे वितरण केंद्रों या गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को पहले आओ और पहले पाओ की नीति के तहत गैस सिलेंडर उनके घरों तक पहुंचाए जाएंगे। इस कार्य के लिए जनपद में तैनात चालीस वितरण केंद्रों के माध्यम से वाहनों द्वारा सुलभ डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए गोदामों पर पुलिस बल के साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया दल यानी क्यूआरटी की तैनाती भी कर दी गई है।

सहायता नियंत्रण कक्ष किये स्थापित

​किसी भी प्रकार की शिकायत के समाधान के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला आपदा कार्यालय में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित कराया है। उपभोक्ता 05944-250250 और 250500 के साथ टोल फ्री नंबर 18002333555 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, रुद्रपुर और काशीपुर के जो निवासी पाइपलाइन गैस कनेक्शन लेना चाहते हैं, वे 7206413402, 7978216713, 9084897398 और 9997362038 पर फोन कर सकते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने दोहराया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।


Advertisement
---समाप्त---