भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भारत भूषण गुप्ता को मेरठ जिले का नया प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद रामपुर लौटने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बुधवार को मेरठ के तीन दिवसीय प्रवास से लौटे भारत भूषण गुप्ता का कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क के पास फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार इस्तकबाल किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पटाखों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने उन्हें पगड़ी पहनाकर गर्मजोशी से बधाई दी। इसके बाद एक बड़े जुलूस के रूप में सभी कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां भारत भूषण गुप्ता ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला
जुलूस के दौरान मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए भारत भूषण गुप्ता ने कहा कि पार्टी के आम कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। सभी साथियों को अपनी पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें मेरठ जैसे बड़े जिले का प्रभारी बनाकर जो अहम जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगे। मेरठ में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए वह दिन-रात काम करेंगे और कार्यकर्ताओं के भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे।
मिशन-2027 की तैयारी
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मेरठ की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ रामपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन को मजबूत बनाए रखने का काम लगातार चलता रहेगा। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारी तेज करनी होगी ताकि रामपुर में पार्टी का परचम पूरी मजबूती से लहरा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर सुख-दुख में वह कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। इसके बाद जुलूस पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थल पहुंचा, जहां उन्होंने पंडित जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से हरीश अग्रवाल, सोनी ताऊ, रविंद्र गुप्ता, राजू सुमन, राजू शर्मा, सुबोध सक्सेना, मनीष लोधी, ओमप्रकाश सागर, राकेश पाल, तेजपाल, राजीव अग्रवाल, सुभाष सक्सेना, अनुराग गर्ग, सुनील यादव, याकूब प्रधान, नजमी खान, महफूज भाई, मंगल यादव, डिंपल और विनोद सैनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
---समाप्त---