क्षेत्र से गायब तीन किशोरियों की जल्द से जल्द सकुशल वापसी की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी और घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। पूर्व विधायक ने कहा कि तीन नाबालिगों का एक साथ गायब होना एक बेहद संवेदनशील मामला है, जिसमें पुलिस को हर संभव पहलू की गहराई से जांच करनी चाहिए।

परिजनों ने जताया अनहोनी का डर

रुद्रपुर के शिवनगर और लालपुर क्षेत्र से एक साथ तीन किशोरियों के अचानक लापता हो जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद से ही परिजनों में भारी चिंता और अनहोनी का डर बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, शिवनगर निवासी रोशनी रस्तौगी की पुत्री नेहा 13 अगस्त को नीलकंठ कॉलोनी फेस-1, लालपुर स्थित अपनी बुआ के घर गई थी। जब नेहा के माता-पिता उसे लेने पहुंचे तो वह वहां मौजूद नहीं थी। खोजबीन करने पर पता चला कि उसके साथ ही स्थानीय निवासी माही रस्तौगी और अंजलि कश्यप भी अपने-अपने घरों से गायब हैं।

फोन कॉल से गहराया शक


Advertisement

मामले की छानबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि लापता होने से ठीक पहले शाम को नेहा की किसी अज्ञात युवक से फोन पर बातचीत हुई थी। तीनों किशोरियों का एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होना किसी बड़ी साजिश या अनहोनी की ओर इशारा कर रहा है। घटना से आक्रोशित और चिंतित परिजनों ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी और मामले में बिना किसी देरी के सख्त कदम उठाने की अपील की।

​​पुलिस ने शुरू की तलाश

पुलिस प्रशासन ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना और सीडीआर व अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही तीनों किशोरियों को सुरक्षित तलाश लिया जाएगा।

---समाप्त---