उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर पूरे राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में रुद्रपुर के प्रमुख डीडी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार और नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तानाशाही रवैये का कड़ा विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल रैली के दौरान पुलिस ने निष्पक्षता की हदें पार कर दीं। नैनीताल पुलिस प्रशासन ने सरकार के इशारे पर रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोककर प्रताड़ित किया। इसके अलावा नैनीताल एसएसपी द्वारा कार्यकर्ताओं को 'अराजक तत्व' कहे जाने पर भी भारी रोष व्यक्त किया गया। नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक देश में विपक्ष की रैलियों को रोकना और कार्यकर्ताओं को अपमानित करना सीधे तौर पर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग है।
महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि देश भर में कांग्रेस की रैलियों को रोकने के लिए भाजपा अलोकतांत्रिक तरीके अपना रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे भाजपा सरकार पूरी तरह घबरा चुकी है। इसी घबराहट में विपक्ष को दबाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक तंत्र का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि, अब प्रदेश की जनता भाजपा की इन चालों को भली-भांति समझ चुकी है और उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया कि राज्य की जनता इस तानाशाही का जवाब आने वाले चुनाव में देगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी और राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस मौके पर उमा सरकार, ज्योति टम्टा, मधु सिकदर, कमल चुघ, संध्या गुप्ता, प्रदीप यादव, विकास बंसल, रंजीत गुप्ता, जमुना प्रसाद और मोहन भारद्वाज समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---समाप्त---