आने वाले त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को पीस कमेटी की अहम बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अजय द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। इसमें जिले भर से संभ्रांत नागरिक, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। दोनों अफसरों ने सीधे लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। अधिकारियों ने कहा कि रामपुर की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे की रही है और इस बार भी सभी को मिल-जुलकर सौहार्द के साथ पर्व मनाने हैं।

माहौल बिगाड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है और सोशल मीडिया पर भी साइबर सेल की नजर है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सीधे मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें।
साफ-सफाई व बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने संबंधित विभागों को तय समय में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के रास्तों पर बिजली के ढीले तार तुरंत कसे जाएं और कहीं भी कचरा या गंदगी न दिखे। नगर पालिका को पानी की निर्बाध आपूर्ति और चूने के छिड़काव की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में मौजूद नागरिकों ने भी प्रशासन को पूरा सहयोग देने और जिले में अमन-चैन बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
---समाप्त---