उत्तर प्रदेश के रामपुर में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई एक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शहर के पनवरिया खजुरिया इलाके में दो अज्ञात बदमाशों ने वर्ष 2007 के चर्चित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर आतंकी हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई इस फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े। गोली लगने से मोहम्मद शरीफ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा था। स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची पुलिस टीम की मदद से उसे तुरंत गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान मोहम्मद शरीफ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आतंकी हमले से जुड़ाव
मृतक मोहम्मद शरीफ उर्फ सुहैल उर्फ साजिद उर्फ अनवर उर्फ अली मूल रूप से रामपुर का ही रहने वाला था। उसका नाम 31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरमियानी रात रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए बड़े आतंकी हमले में सामने आया था। उस फिदायीन हमले में सात सीआरपीएफ जवान और एक रिक्शा चालक समेत कुल आठ लोगों की जान चली गई थी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली थी। इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने मोहम्मद शरीफ सहित चार लोगों को फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन बाद में हाईकोर्ट ने सभी को बरी कर दिया था। जेल से बाहर आने के बाद वह यहां रह रहा था।
हमलावरों की तलाश तेज
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रामपुर के एसपी अनुराग सिंह ने मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पनवरिया खजुरिया में दो अज्ञात बदमाशों ने शरीफ पर फायरिंग की थी। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान करने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है।
---समाप्त---