रुद्रपुर के किच्छा रोड स्थित बिगवाड़ा में राधा स्वामी सत्संग व्यास द्वारा विशाल सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। 29 और 30 अगस्त को आयोजित होने वाले इस धार्मिक समागम में देशभर से तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पहले से ही संपूर्ण यातायात योजना तैयार कर ली गई है।
जनपद में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के दृष्टिगत 29 और 30 अगस्त को सुबह चार बजे से रात आठ बजे तक जिले की सीमाओं से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। हालांकि आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हल्के वाहनों के आवागमन पर कोई रोक नहीं होगी। भारी वाहनों का डायवर्जन इस प्रकार किया गया है कि मुख्य मार्गों पर दबाव कम से कम रहे और श्रद्धालुओं को परिसर तक पहुंचने में परेशानी न हो।
विभिन्न शहरों से आने वाले वाहनों के रूट
विभिन्न दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। बरेली और सितारगंज की ओर से आने वाली गाड़ियां किच्छा रोड से होकर सत्संग स्थल पहुंचेगी। वहीं काशीपुर, हरिद्वार और बाजपुर की तरफ से आने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल के पास रिंग रोड से होकर सर्विस रोड के जरिए परिसर में दाखिल होंगे। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से आने वाले वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड पकड़ेंगे। नैनीताल व हल्द्वानी से आने वाले लोग लालकुआं-पंतनगर या सिडकुल चौक से रिंग रोड होते हुए पहुंचेंगे।
परिसर में प्रवेश और निकासी की व्यवस्था
सत्संग स्थल पर वाहनों की पार्किंग और प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। बसों और भारी वाहनों के लिए गेट संख्या 3 व 9 तय हैं, जबकि कार जैसी हल्की गाड़ियों को गेट संख्या 7 से प्रवेश मिलेगा। दोपहिया वाहनों के लिए गेट संख्या 8 निश्चित किया गया है। सत्संग समाप्त होने के बाद वापसी के लिए भी चरणबद्ध योजना बनाई गई है ताकि किच्छा हाईवे और रिंग रोड पर एक साथ वाहनों का दबाव न बढ़े। पुलिस ने आम जनता से इस रूट प्लान का पालन करने का अनुरोध किया है।
---समाप्त---