अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सात समंदर पार बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और उसके साथी जगतार तरनतारन ने इस वारदात की पूरी जिम्मेदारी ले ली है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर गैंगस्टरों ने हत्या की वजह भी बताई है। पोस्ट में लिखा गया है कि संधू आज की नई पीढ़ी को भटका रहा था और खराब कर रहा था। इतना ही नहीं, पोस्ट के जरिए संधू का साथ देने वालों को भी सीधी धमकी दी गई है कि जो उसका समर्थन कर रहे हैं, वे भी तैयार रहें। जो लोग उसे स्कूलों में मुख्य अतिथि के रूप में बुला रहे थे, उनके लिए यह आखिरी चेतावनी है। गैंगस्टरों ने दो टूक कहा है कि ऐसी हरकतें करने वाले लोग पंजाब से बाहर ही रहें।

​कार लेने पहुंचा था संधू

​वारदात के वक्त की पूरी कहानी भी अब साफ होने लगी है। पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर का बेटा मैड संधू शनिवार को अपनी कार की सर्विस कराने के बाद उसे वापस लेने पहुंचा था। दो लड़कियां उसे कार लेने के लिए वहां तक छोड़ने आई थीं। वह जैसे ही गाड़ी के पास पहुंचा, तभी घात लगाए बैठे एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां आ धमके। एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर के खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने संधू के बेहद करीब जाकर सीधे चार से पांच राउंड गोलियां दाग दीं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर हवा में हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले। इस ताबड़तोड़ फायरिंग में संधू को दो गोलियां लगीं, जिससे वह वहीं सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के करीब एक घंटे बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

​सुरक्षा एजेंसियों को चकमा


Advertisement

​हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला गोल्डी ढिल्लों पंजाब के पटियाला और रोपड़ इलाके का रहने वाला है। वह काफी समय पहले सुरक्षा एजेंसियों की आंखों में धूल झोंककर विदेश भाग गया था और वहीं से अपना नेटवर्क चला रहा है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब वायरल पोस्ट की सच्चाई परखने में जुटी है और साइबर सेल की मदद से पता लगा रही है कि यह पोस्ट कहां से अपलोड की गई। वहीं दूसरी तरफ, दिनदहाड़े हुई इस खूनी वारदात और गैंगस्टरों की खुली धमकी के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई है।

---समाप्त---