रामपुर की धरती से पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए स्पष्ट किया है कि चुनावी मशीनरी को किक मारकर या संवैधानिक संस्थाओं को अपमानित कर कोई भी दल चुनाव मैदान नहीं जीत सकता। नकवी ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों की रणनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैदान में पराक्रम दिखाने के बजाय चुनाव आयोग से पंगे लेने की धूर्ततापूर्ण धुन इन दलों की 'धाराप्रवाह धुलाई' का कारण बन रही है। उनके अनुसार भाजपा की जीत का बढ़ता ग्राफ दरअसल विपक्ष की हार के गणित का परिणाम है। नकवी ने विपक्षी गठबंधन को 'बकवास बहादुरों का बहुदलीय ब्रदरहुड' करार देते हुए कहा कि सत्तालोलुप सुल्तानों द्वारा संवैधानिक संस्थानों की सामन्ती लिन्चिंग करने की साजिश उनके खुद के सियासी सूपड़े को साफ कर रही है।
बांग्लादेश के हालातों पर अपनी बात रखते हुए नकवी ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि वहां जुल्म और जुर्म को अंजाम देने वाले 'जिहादी जानवरों' के जंगल का जमींदोज होना मानवता और मजहब की सुरक्षा के लिए नितांत आवश्यक है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ हो रही अराजकता और अपराध को उन्होंने मानवीय मूल्यों के कत्लेआम की पराकाष्ठा बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुल्क और मजहब तभी महफूज रह सकते हैं जब ऐसी अराजक ताकतों का अंत हो। नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सुशासन और समावेशी सशक्तिकरण का एक ऐसा वैश्विक ब्रांड बन चुका है जिसे किसी भी प्रकार के 'जंतर-मंतर' से छूमंतर नहीं किया जा सकता। पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार के खिलाफ रची गई हर आपराधिक और राजनैतिक साजिश नाकाम हुई है।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए नकवी ने उसे एक ऐसी 'बेनामी संपत्ति' बताया जिसका अंदर कोई मोल नहीं और बाहर कोई भाव नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि वयोवृद्ध पार्टी अब डपोरशंखों की लम्पट लॉबी की लफ्फाजी में फंसकर मोहल्ले की पार्टी बनकर रह गई है। नकवी ने तंज कसा कि कांग्रेस आज विजय का गुरुमंत्र नहीं बल्कि पराजय की 'गुरुघंटाल' बन चुकी है। एस.आई.आर और वोट चोरी के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रम को उन्होंने 'हाइड्रोजन शो' करार दिया जो जनता के बीच पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में विपक्षी दलों को आगाह किया कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और जो भी इसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा, उसका डूबना तय है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति और आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए नकवी ने सपा और कांग्रेस की जुगलबंदी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि खुराफाती सोच वाले इन सूरमाओं का सत्तालोलुप सुरूर चुनावी चौपाल पर बार-बार गच्चा खा रहा है और साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भी इनका 'चारो खाने चित' होना निश्चित है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जिला पंचायत और आगामी चुनावों के लिए पूरी मुस्तैदी से जुट जाएं। नकवी के अनुसार मोदी-योगी का शासन केवल सत्ता नहीं बल्कि समाज की सुरक्षा, सम्मान और समावेशी सशक्तिकरण की गारंटी है। भ्रष्टाचार और परिवारवाद के कबाड़खाने में कैद विपक्ष चाहे जितनी कटुता दिखाए, भाजपा सुशासन के अपने सफल सफर को निरंतरता के साथ जारी रखेगी।
---समाप्त---