मेरठ की जिला अदालत ने शहर के सबसे सनसनीखेज नीला ड्रम हत्याकांड में इंसाफ की मुहर लगा दी है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को सीधे फांसी की सजा सुनाई। कोर्ट रूम में जब यह फैसला पढ़ा जा रहा था, तब हर किसी की नजरें स्क्रीन पर टिकी थीं, क्योंकि दोनों मुजरिम जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े हुए थे। फैसला सुनाते हुए जज साहब ने साफ लफ्जों में महाभारत के एक प्रसंग का जिक्र किया और कहा कि पापी और अपराधी को उसके किए की कड़ी सजा देना ही सबसे बड़ा धर्म है। अदालत ने इस दिल दहला देने वाले जुर्म को दुर्लभ से दुर्लभतम यानी 'रेरेस्ट ऑफ रेयर' की श्रेणी में रखकर दोनों को मौत के फंदे तक पहुंचाने का आदेश दिया।

​अदालत का सख्त रुख

​करीब 126 तारीखों की लंबी सुनवाई के बाद आए इस फैसले ने पूरे कचहरी परिसर में हलचल मचा दी। जैसे ही जज साहब ने दोनों के लिए सजा-ए-मौत का ऐलान किया, स्क्रीन के उस पार खड़ी मुस्कान के चेहरे का रंग उड़ गया। गले में फांसी का फंदा तय होते ही वह फफक कर रो पड़ी और भारी आवाज में बस इतना ही कह पाई कि मेरी दोनों बच्चियों का ख्याल रखना। वहीं दूसरी तरफ अदालत के कटघरे के पास खड़े मृतक सौरभ राजपूत के परिवार की आंखें नम थीं। सौरभ की मां रेनू राजपूत और उसका भाई अदालत में हर पेशी पर इसी दिन की उम्मीद लेकर आते थे। फैसला सुनते ही मां की आंखों से आंसू बह निकले, लेकिन चेहरे पर इस बात का सुकून साफ दिखा कि उनके बेकसूर बेटे के कातिलों को कानून ने उनके अंजाम तक पहुंचा दिया।

​सीमेंट में छिपाया राज

​यह खौफनाक वारदात 3 मार्च 2025 की तारीख से जुड़ी है, जिसने पूरे इलाके के लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए थे। मुस्कान ने अपने साथी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से जान ले ली थी। कत्ल के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया। सौरभ की लाश को घर के भीतर ही एक बड़े नीले प्लास्टिक के ड्रम में बंद किया गया और ऊपर से पूरा सीमेंट का घोल भर दिया ताकि बदबू बाहर न फैले और किसी को भनक तक न लगे। जब इस राज से पर्दा उठा, तो पुलिस से लेकर आम जनता तक हर कोई सन्न रह गया था। पुलिस ने मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुख्ता सबूत अदालत के सामने रखे, जिसके चलते आज दोनों गुनाहगारों को उनके किए की पूरी सजा मिल सकी।


Advertisement
---समाप्त---