लखनऊ, 12 नवंबर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच विपक्षी सियासत में नया समीकरण सामने आया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक साथ चुनावी मैदान में उतरने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। गुरुवार को लखनऊ में आयोजित एक साझा प्रेसवार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने अपने नए राजनीतिक गठबंधन की विधिवत घोषणा की।

​सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का औपचारिक ऐलान

​प्रेसवार्ता में दोनों दलों ने अपने इस नए राजनीतिक गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है। इस दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने घोषणा करते हुए नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को इस मोर्चे का मुख्यमंत्री (सीएम) चेहरा घोषित किया। दोनों नेताओं ने साझा तौर पर स्पष्ट किया कि उनका यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ अपने प्रत्याशी उतारेगा।

​तीसरा नहीं पहला विकल्प: चंद्रशेखर


Advertisement

​प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश की जनता लंबे समय से एक सच्चे राजनीतिक विकल्प की तलाश में थी। उन्होंने कहा, "जो तस्वीर आपके सामने है, उसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। अभी इसमें दो दल शामिल हैं। यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के लिए पहला और सबसे मजबूत मोर्चा है। जैसे-जैसे पीड़ित और वंचित वर्ग के लोग इससे जुड़ेंगे, यह मोर्चा और सशक्त होता जाएगा।" उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में एक विशाल सत्ता परिवर्तन रैली का आयोजन किया जाएगा।

​सरकार पर तीखा हमला कर दिया खुला न्योता

​सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मौजूदा प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं तथा अपने हक की आवाज उठाने वाले लोगों पर लाठियां चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की राजनीति में बदलाव के लिए समान विचारधारा वाले अन्य दलों को भी 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के साथ जुड़ने का खुला न्योता दिया।

​सपा व भाजपा पर ओवैसी का निशाना

​AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में सामाजिक बदलाव लाने के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने दावा किया, "भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए यह मोर्चा एक ठोस राजनीतिक विकल्प साबित होगा। हमारी लड़ाई प्रदेश के किसानों, युवाओं और दबे-कुचले लोगों के अधिकारों के लिए है।" ओवैसी ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों का बड़ा वोट हासिल करने के बाद भी सपा भाजपा को रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर एक मजबूत चेहरा बनकर उभरे हैं और यह मोर्चा भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।

​दलित-मुस्लिम समीकरण से बदलेंगे चुनावी मायने

​राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश की सियासत में दलित और मुस्लिम मतों का संयोजन चुनावी नतीजों पर बड़ा असर डाल सकता है। समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) दांव के सामने इस नए मोर्चे के मैदान में आने से विपक्षी वोटों के बंटवारे और चुनावी समीकरणों में बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल दोनों दलों ने 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाली रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है।

इस मोर्चे की घोषणा के बाद अभी अन्य राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया आना बाकी है। सपा, भाजपा व कांग्रेस इस मोर्चे की घोषणा को किस रूप में देखते है यह तो आने वाला समय बताएगा। बरहाल इस घोषणा ने पूरे प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। 

---समाप्त---