Uttar Pradesh: प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही मासूम बच्ची को मां ने प्रेमी संग मिलकर मार डाला बुलंदशहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जहां एक मां ने ही अवैध सम्बंधों में बाधा बन रही अपनी 3 वर्ष की बेटी को प्रेमी संग मिलकर मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं महिला और उसके प्रेमी ने दूसरों को फंसाने की साजिश तक रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा कर दोनों को जेल भेज दिया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने बताया कि घटना 1 अक्टूबर को सामने आई। जब सीमा उर्फ ​​लाली नामक महिला ने नरौरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि लालतरेश और उसके कुछ साथियों ने उसकी बेटी दिव्यांशी का अपहरण कर लिया है और वे उसकी हत्या करना चाहते हैं। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच शुरू होने से पहले ही दिव्यांशी का शव एक नहर में मिला। पुलिस ने पड़ताल में पाया कि सीमा की शिकायत झूठी थी। उसने ही अपने प्रेमी यतेंद्र के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सीमा ने बताया कि उसके पति की कुछ समय पहले मौत हो चुकी थी और वह यतेंद्र के साथ रह रही थी। उसकी बेटी दिव्यांशी अक्सर उन्हें परेशान करती थी। जब वह काम पर जाती, तो दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। अहमदगढ़ की रहने वाली एक महिला लालतरेश के साथ भी सीमा और यतेंद्र का विवाद चल रहा था। उन्होंने इस विवाद का फायदा उठाने की साजिश रची। उन्होंने बच्ची की हत्या करने और लालतरेश और उसके साथियों को दोषी ठहराने का फैसला किया। साजिश के तहत, दोनों ने मिलकर बच्ची की हत्या कर दी और उसके शव को नरौरा गंगा नहर में फेंक दिया। इसके बाद थाने में जाकर शिकायत दर्ज करा दी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दिव्यांशी उनकी जिंदगी में एक बाधा बन गई थी। इसलिए उन्होंने उसे मार डालने का फैसला किया।

---समाप्त---