रामपुर। जनपद की तहसील बिलासपुर स्थित भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय द्वारा रविवार को जिला कारागार रामपुर में आंख, दांत व हड्डियों की जांच का एक विशाल मेडिकल कैंप लगाया गया। जिसका उद्घाटन करते हुए जेल अधीक्षक राजेश यादव ने बंदियों के लिए किये जा रहे इस कार्य की सराहना की। उन्होंने इस मानव सेवा को अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए  भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय बिलासपुर की प्रबंध समिति को बधाई का पात्र बताया। जिला कारागार में रह रहे बंदियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सालय द्वारा लगाए गए इस कैंप में 265 पुरुष 9 महिलाएं एवं लगभग 30 अन्य स्टाफ के लोगों की आंखों दांतों एवं हड्डियों की जांच कर उन्हें दवाइयां भी दी गई । कैंप के मुख्य संयोजक जेलर सुनील कुमार सिंह ने पूरे कैंप को व्यवस्थित किया व चिकित्सालय द्वारा दी गई इस सुविधा  के लिए आभार जताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस तरह के कैंप पुनःआयोजित किए जाते रहेंगे। जिससे जिला कारागार रामपुर में बंदियों को अच्छी स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके। भगवान महावीर नेत्र चिकित्सालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदेश जैन ने जेल प्रबंधन को आश्वस्त किया कि 40 वर्षों से जन सेवा के लिए प्रतिबद्ध हमारा चिकित्सालय जब भी आवश्यकता रहेगी, विभिन्न बीमारियों के लिए मेडिकल कैंप का आयोजन करता रहेगा। आज के इस कैंप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ज्ञानेंद्र जैन, नेत्र सर्जन डॉक्टर सत्यम गुप्ता, दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शुभम संदेश जैन, डॉक्टर सिम्मी बी ने सभी मरीजों का कुशलतापूर्वक जांच कर दवाइयां वितरित की। कैंप की व्यवस्था में डिप्टी जेलर सुनील कुमार शुक्ला, हिमांशु जैन, राहिला, वीरेंद्र, सोनू व रमन आदि ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।


Advertisement
---समाप्त---