दीपावली की रात बड़ा हादसा
लखीमपुर खीरी जिला मुख्यालय से करीब 110 किलोमीटर दूर गौरीफंटा क्षेत्र की प्रसिद्ध बनगवां मंडी में दीपावली की रात अचानक आग भड़क उठी। यह मंडी भारत-नेपाल सीमा के बिल्कुल पास स्थित है, जहां रोजाना फल, सब्जी और परचून का बड़ा कारोबार होता है। त्योहार की रात जब लोग पूजा-अर्चना में जुटे थे, तभी मंडी के एक हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास की कतारबद्ध दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
बचाव में जुटा सीमांत बाजार
आग लगते ही स्थानीय दुकानदार तुरंत बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से लपटों को बुझाने दौड़े। दुकानों में रखा सामान और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। व्यापारियों को दुकानों के भीतर रखा सामान निकालने तक का वक्त नहीं मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सक्रिय किया गया।
नेपाल से भी पहुंची मदद
आग की स्थिति को देखते हुए लखीमपुर, पलिया, गोला और निघासन से दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। लपटों का फैलाव रोकने के लिए सीमा पार नेपाल के धनगढ़ी उप-महानगरपालिका से भी संपर्क साधा गया। इसके बाद नेपाल से दो दमकल गाड़ियां, जेसीबी और नगर प्रहरी की टीम तुरंत राहत कार्य के लिए पहुंची। दोनों देशों की टीमों ने आपसी तालमेल से घंटों मशक्कत के बाद लपटों को बढ़ने से रोका।
कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
त्योहार के चलते व्यापारियों ने मंडी में काफी माल जुटा रखा था। दुकानों के जल जाने से कई छोटे व्यापारियों की जमा पूंजी राख के ढेर में बदल गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अक्षय रंजन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी टीमों ने मिलकर आग बुझाई। आग लगने की सही वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है। वहीं प्रभावित दुकानदार अब प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
---समाप्त---