किच्छा में नगर निकाय चुनाव का मतदान मंगलवार को दिनभर शांति से निपटा, लेकिन शाम होते-होते माहौल अचानक गरमा गया। स्ट्रॉन्ग रूम में मतपेटियां जमा कराने के दौरान दो पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। पहले तो बात सिर्फ कहासुनी से शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और तीखी नोकझोंक में बदल गया। दोनों तरफ से लोग जुटने लगे और कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी मच गई। समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए और जमकर धक्का-मुक्की होने लगी।
विधायक बेहड़ की बिगड़ी तबीयत
हंगामे और धक्का-मुक्की के बीच अचानक कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ की तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गए। विधायक के गिरते ही उनके समर्थकों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में लोगों ने उन्हें संभाला। विधायक बेहड़ ने होश में आने के बाद सीधा आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें थप्पड़ मारा। इस आरोप के सामने आते ही दोनों गुटों में गुस्सा और भड़क गया। दोनों पक्षों के लोग नारेबाजी करते हुए सीधे कोतवाली की तरफ बढ़ गए, जिससे सड़क पर भी जाम जैसे हालात बन गए।
कोतवाली में डटी भीड़, पुलिस की सख्ती
विवाद कोतवाली तक पहुंचते ही स्थिति हाथ से निकलती दिखने लगी। थाने के बाहर भारी भीड़ जुट गई और दोनों तरफ से तीखी बहस जारी रही। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने फौरन मोर्चा संभाला और उपद्रव कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए लाठियां फटकारीं। पुलिस की इस सख्ती के बाद भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है ताकि दोबारा कोई टकराव न हो।
सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच
घटना के बाद से ही कोतवाली परिसर और आसपास के इलाके में तनाव बना हुआ है। दोनों पक्षों के समर्थक अभी भी कोतवाली के आसपास जमे हुए हैं और अपनी-अपनी बात पर अड़े हैं। पुलिस के आला अफसरों का कहना है कि पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि स्ट्रॉन्ग रूम और कोतवाली के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो भी लोग माहौल खराब करने या हाथ उठाने के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---समाप्त---