किच्छा में नगर पालिका चुनाव को लेकर मंगलवार शाम सियासी पारा अचानक चढ़ गया। नई मंडी परिसर में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। तीखी कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में तब्दील हो गया। इसी आपाधापी के बीच एक शख्स ने विधायक तिलकराज बेहड़ को थप्पड़ जड़ दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए विधायक पर हाथ उठाने वाले आरोपी धीरज कुमार को मौके से ही धर दबोचा। लालपुर की आस्था कॉलोनी निवासी धीरज पर धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
समर्थकों में सीधी भिड़ंत
यह पूरा घटनाक्रम मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे का है। मंडी परिसर में दोनों दिग्गज नेता अपने-अपने प्रत्याशियों और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे। चुनावी सरगर्मी के बीच दोनों पक्षों में अचानक तनातनी बढ़ गई। पहले जोरदार नारेबाजी हुई और फिर नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। विधायक बेहड़ पर हाथ छूटने के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। हालात बेकाबू होते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को पंतनगर की सिडकुल चौकी और विधायक तिलकराज बेहड़ को किच्छा कोतवाली पहुंचाया। शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने अब तक करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है।
आरक्षण विवाद में फंसी मतगणना
इस सियासी हंगामे के बीच नगर पालिका चुनाव के नतीजे फिलहाल अधर में लटक गए हैं। दरअसल, नगर पालिका अध्यक्ष पद के आरक्षण और वार्डों के नए परिसीमन को लेकर हाईकोर्ट में पहले से ही याचिकाएं दायर हैं। इन्हीं कानूनी पेचों के चलते नैनीताल हाईकोर्ट ने चुनाव की मतगणना पर पहले ही रोक लगा रखी है। अदालत का साफ निर्देश है कि जब तक लंबित मामलों पर अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक मतपेटियों को नहीं खोला जाएगा। हाईकोर्ट अब इस पूरे मामले पर आगामी 5 अक्टूबर को सुनवाई करेगा। अदालत की उस सुनवाई से जो भी कानूनी तस्वीर साफ होगी, उसी आधार पर आगे वोटों की गिनती कराई जाएगी।
मंडी परिसर में कड़ा पहरा
मतदान संपन्न होने के बाद मंडी स्थित स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस कप्तान ने साफ लफ्जों में चेताया है कि चुनाव से जुड़ी किसी भी व्यवस्था या स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में खलल डालने वालों पर सख्त एक्शन होगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंडी परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने साफ कह दिया है कि शहर के अमन-चैन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी हुड़दंगी को बख्शा नहीं जाएगा।
---समाप्त---