उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश आफत बनकर बरस रही है। चमोली जिले की प्रसिद्ध उर्गम घाटी में स्थित पांचवें केदार के रूप में पूजे जाने वाले कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी दरकने से मंदिर के आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंदिर परिसर में फैला मलबा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के कारण मंदिर के ठीक पीछे की पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा खिसककर सीधे नीचे आ गिरा। देखते ही देखते यह मलबा मंदिर परिसर के अंदर तक फैल गया, जिससे मंदिर के आसपास की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन और मंदिर समिति अलर्ट मोड पर
कल्पेश्वर महादेव मंदिर पंच केदारों में से एक अत्यंत पवित्र धार्मिक स्थल है, जहां वर्ष भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। भूस्खलन की इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया जा रहा है और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---समाप्त---