रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव का घमासान देर शाम तक चले परिणामों के साथ खत्म हुआ। इस बार कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पुराने सारे समीकरणों को ध्वस्त करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी गौरव कुशवाहा पर अपना भरोसा जताया। सुबह से ही कॉलेज परिसर के बाहर छात्रों का भारी हुजूम डटा रहा। दिनभर चले मतदान के बाद देर शाम तक वोटों की गिनती का दौर चला। जैसे ही आधिकारिक तौर पर गौरव कुशवाहा की जीत का एलान हुआ, कॉलेज के बाहर उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। हालांकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस गौरव को तुरंत अपने वाहन में बैठाकर सीधे उनके घर ले गई, जिसके कारण समर्थक विजय जुलूस नहीं निकाल सके।

​देर शाम तक चली गिनती

मतदान से लेकर मतगणना तक कॉलेज प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे। गेट पर सख्त चेकिंग के बाद ही केवल पहचान पत्र वाले छात्रों को प्रवेश दिया गया ताकि कोई अव्यवस्था न हो। देर शाम तक चले कड़े मुकाबले के बाद चुनाव अधिकारियों ने परिणाम जारी किए। गौरव कुशवाहा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 391 वोटों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी। नतीजों के एलान के तुरंत बाद कॉलेज प्रशासन ने सभी विजयी प्रत्याशियों को जीत के प्रमाण पत्र सौंपे।प्रशासन का कहना है कि शपथ ग्रहण के लिए जल्द ही नई तारीख तय होगी।

​छात्राओं ने भी दिखाया दम


Advertisement

अध्यक्ष पद के अलावा अन्य प्रमुख पदों पर भी मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। कॉलेज की छात्राओं ने भी इस चुनाव में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर ज्योति मित्रा ने शानदार जीत हासिल की। गुरबाज सचिव चुने गए, जबकि रिया गुप्ता ने कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। संयुक्त सचिव पद पर हरमन कौर ने बाजी मारी। देर शाम जीत के प्रमाण पत्र मिलने के बाद समर्थकों ने कॉलेज के आसपास नारेबाजी कर एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी साझा की।

​छात्र हितों के समाधान का भरोसा

जीत के बाद गौरव कुशवाहा ने अपने समर्थकों और छात्र-छात्राओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत कॉलेज के हर उस छात्र की है जो लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा था। गौरव ने जोर देकर कहा कि परिसर में लाइब्रेरी की स्थिति सुधारना, साफ पेयजल की व्यवस्था करना और छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करना उनकी मुख्य प्राथमिकताएं रहेंगी।

---समाप्त---