खटीमा के इस्लामनगर इलाके में नशे का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। वार्ड नंबर 8 खानका बाजार के पास रहने वाले 32 वर्षीय सद्दाम ने मोहल्ले में नशा कर रहे युवकों को टोका और कहा कि इससे माहौल खराब हो रहा है। बस इसी बात पर आरोपी भड़क गए और उन्होंने सद्दाम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सद्दाम पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसके सिर और हाथ में गहरे घाव आए। हमलावर सद्दाम को मरा समझकर मौके से भाग निकले। इस खौफनाक वारदात का किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते पूरे इलाके में फैल गया।
मोहल्ले में नशाखोरी का विरोध पड़ा भारी
घायल सद्दाम के बड़े भाई दिलशाद ने कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी। दिलशाद के मुताबिक, रात करीब साढ़े दस बजे सद्दाम ने आरोपियों को सिर्फ इसलिए मना किया था ताकि गली-मोहल्ले के बच्चे गलत सोहबत से बच सकें। इस पर हमलावर फरमान ने बांके से व आदिल ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला बोल दिया। तीसरा भाई साहिल भी मारपीट में शामिल रहा। खून से लथपथ सद्दाम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। भाई की शिकायत पर खटीमा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आते ही एसएसपी अजय गणपति ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और आरोपियों की तुरंत धरपकड़ के कड़े निर्देश जारी किए।
दबोचे गए तीनों हमलावर भाई
एसएसपी के सख्त रुख के बाद खटीमा कोतवाली पुलिस की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी की अगुवाई में पुलिस टीमों ने कई जगहों पर दबिश दी और मुखबिरों का जाल बिछाया। पुलिस को सटीक सूचना मिली कि तीनों नामजद आरोपी कहीं भागने की फिराक में कुनाल मार्केट के पीछे खाली मैदान में छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके तीनों आरोपियों फरमान, साहिल और आदिल को धर दबोचा। ये तीनों आरोपी सगे भाई हैं और इस्लामनगर के ही रहने वाले हैं।
वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया बांका और कुल्हाड़ी भी बरामद कर लिया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक विजय बोहरा समेत पूरी टीम ने महज 24 घंटे के भीतर इस पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस अब पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है, साथ ही मामले में आगे की कानूनी जांच भी तेजी से की जा रही है।
---समाप्त---