विदेश में बैठकर भारत में रंगदारी और कत्ल का जाल फैलाने वाले गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर अब दुनिया की सबसे बड़ी जांच एजेंसी का शिकंजा कस गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल कर लिया है। इतना ही नहीं, एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी या उस तक पहुंचाने वाली ठोस जानकारी देने वाले के लिए करीब 10 लाख डॉलर यानी 8 करोड़ रुपये से अधिक के भारी-भरकम इनाम का ऐलान किया है।

​लॉरेंस गैंग से सीधा नाता

पंजाब के मुक्तसर जिले का रहने वाला गोल्डी बराड़ लंबे समय से भारतीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। वह तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सिंडिकेट का सबसे प्रमुख विदेशी चेहरा माना जाता है। मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी गोल्डी का नाम सबसे ऊपर आया था, जिसकी जिम्मेदारी उसने सोशल मीडिया पर खुलकर ली थी। भारतीय एजेंसियों की लगातार सख्ती के बाद वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश भाग गया था। पहले उसके कनाडा में छिपने की खबरें आई थीं, लेकिन बाद में उसके अमेरिका में पनाह लेने की जानकारी सामने आई।

​अमेरिकी धरती पर बढ़ी हलचल


Advertisement

अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक गोल्डी बराड़ हथियारों की तस्करी, हत्या की साजिश रचने और संगठित गिरोह चलाने जैसे गंभीर मामलों में शामिल है। एफबीआई ने चेतावनी दी है कि आरोपी बेहद शातिर और खतरनाक है, लिहाजा आम लोग उससे दूरी बनाकर रखें। एजेंसी ने उसके कई पुराने हुलिए, कद-काठी और संभावित पहचान से जुड़े सुराग भी जारी किए हैं ताकि किसी भी देश में छिपे इस भगोड़े को तुरंत दबोचा जा सके।

​सुरक्षा एजेंसियों की घेराबंदी

भारत सरकार पहले ही गोल्डी बराड़ को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून यानी यूएपीए के तहत आतंकी घोषित कर चुकी है। इंटरपोल से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया जा चुका है। अब जब अमेरिका की शीर्ष जांच एजेंसी ने उसे अपनी सबसे खास वांछित सूची में रख लिया है, तो माना जा रहा है कि उसके बचने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। भारत की सुरक्षा एजेंसियां भी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।

---समाप्त---