रुद्रपुर की पाश कालोनी आवास विकास में स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास हुए जानलेवा हमले के बाद घायल कांग्रेस पार्षद सौरभ राज बेहड़ की स्थिति को देखते हुए स्थानीय राजनीति और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विधायक शिव अरोरा ने अस्पताल पहुंचकर पार्षद की कुशलता जानी और इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से विचारधाराएं अलग हो सकती हैं लेकिन किसी पर भी पारिवारिक या व्यक्तिगत हमला होना एक गंभीर चिंता का विषय है। विधायक ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है और स्पष्ट किया है कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ से फ़ोन पर वार्ता की और घटना की जानकारी लेने के साथ ही पार्षद सौरभ राज बेहड़ का हाल जाना। उन्होंने किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ को आश्वस्त किया कि पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर जानलेवा हमले के दोषियों की किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। घटना को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिया है, जिसके आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, यह हमला पूर्व में हुई एक क्रॉस एफआईआर के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि पुलिस जांच में जुटी है और शहर की कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
---समाप्त---