टांडा/रामपुर। थाना टांडा अंतर्गत ग्राम मानकपुर में कांवड़ियों के जत्थे में शामिल ट्रॉली से कूदते समय दस वर्षीय बालक अज्ञात बाइक से घायल हो गया। बाइक सवार अपनी बाइक मौके पर छोड़ घटनास्थल से फरार हो गया।कांवड़िए चौकी सैदनगर में एकत्र होकर बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।पुलिस ने कांवड़ियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया, तब जत्था सकुशल रवाना हुआ। थाना टांडा क्षेत्र अंतर्गत चौकी सैदनगर के ग्राम अहमदाबाद निवासी कुछ व्यक्ति श्रावण मास के अवसर पर गंगाजल लेने के लिए तीन दिन पूर्व घर से गए थे। जल लेकर रविवार को वापस अपने गांव अहमदाबाद आ रहे थे। ग्राम मानकपुर के श्मशान घाट के पास जत्थेदारों का जनरेटर खराब हो गया।उनके द्वारा जनरेटर खराब होने की सूचना गांव वालों को दी गयी। जिसमें कुछ गांव के लोग जत्थेदारों के पास पहुंच गए। जिसमें रितेश (10 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम अहमदाबाद भी अपने चाचा भगवानदास के साथ पहुंच गया। बताते हैं कि रितेश जत्थे की ट्रॉली पर चढ़ा हुआ था। ट्रॉली से कूदते समय वह लालपुर सैदनगर की ओर से आ रही अज्ञात मोटरसाइकिल से टकराकर घायल हो गया। अज्ञात मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। जिसकी मोटरसाइकिल कावड़ियों द्वारा पुलिस चौकी पर लाकर खड़ी कर दी गयी और कांवड़ियों छह दर्जन कांवड़ियों द्वारा इकट्ठा होकर मोटरसाइकिल चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कांवड़ियों का प्रदर्शन शाम साढ़े पांच बजे से सात बजे तक अपनी मांग को लेकर चलता रहा। स्थानीय पुलिस द्वारा कांवरियों को समझाकर व कार्यवाही का आश्वासन देकर जत्थे को सकुशल रवाना कर दिया गया।

---समाप्त---