देवभूमि उत्तराखंड में मानसूनी बारिश ने विकराल रूप धारण कर लिया है। राज्य के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। रुद्रप्रयाग जिले में हालात सबसे अधिक चिंताजनक बने हुए हैं, जहां तिलवाड़ा गदेरे में अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। मलबे की चपेट में आने से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है और यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया है। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

​रुद्रप्रयाग जिले से होकर बहने वाली अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां अपने रौद्र रूप में हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल व्याप्त है। वाल्मीकि बस्ती को जोड़ने वाला मुख्य पुल नदी के तेज बहाव में पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

​उत्तरकाशी जिले में भी बारिश का प्रकोप कम नहीं है। यहां हुए भीषण भूस्खलन और पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बंद हो चुके हैं। इसके अलावा सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर आमसोड़ के समीप पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा है। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया है, जबकि लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियां मलबे को हटाने और सड़कों को फिर से खोलने के काम में युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।

​मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद शासन और प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड़ पर हैं। अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन कई कड़े कदम उठाए गए हैं। पर्वतीय और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग अभियानों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है और पर्यटकों की आवाजाही को सीमित कर दिया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सभी संबंधित विभागों को चौबीसों घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।


Advertisement

---समाप्त---