रामपुर (उत्तराखण्ड तहलका): दीपावली के मद्देनजर रामपुर में प्रशासन ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है। गुरुवार को खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए सहायक आयुक्त (खाद्य)अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने विशेष छापामार अभियान चलाया। विशेष छापामार अभियान में बाजार अब्दुल्ला गंज स्थित मुमताज स्वीटस से छेना मिठाई, दूध, मावा का 01-01 नमूना, तहसील मिलक स्थित ग्राम परम स्थित दूधिया उरमान अली से दूध का 01 नमूना लिया गया।
बजोडी टोला स्थित अहमद हसन मिल्क डेयरी के समी उल हसन से मावा और दूध का 01-01 नमूना, ग्राम इमरता स्थित संजय पुत्र टीका राम की नमकीन निर्माण इकाई से नमकीन और रिफाइण्ड सोयाबीन तेल का 01-01 नमूना तथा खराब गुणवत्ता के संदेह पर लगभग 09 किलोग्राम (अनुमानित कीमत 700) नमकीन और 42 किलोग्राम (अनुमानित कीमत 6000) रिफाइण्ड सोयाबीन तेल सीज किया गया।
इस दौरान जालपुर, टाण्डा स्थित उस्मान पुत्र नन्हें की दुकान उस्मान स्वीट का निरीक्षण किया गया। मौके पर पायी गयी स्वच्छता से संबंधित कामियों में सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। इस प्रकार विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 08 विधिक नमूनें संग्रहीत करके जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गये। सहायक आयुक्त (खाद्य)अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त मिलावट की प्रकृति के अनुरूप सुसंगत धाराओं में वाद दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार, राहुल शुक्ला, रामचन्द्र यादव, शहाबुद्दीन दोस्त, धर्मपाल सिंह, देवकान्त, मनोज कुमार, अजरा बी मोहम्मद रहे।
---समाप्त---