खटीमा/उधम सिंह नगर, (रिपोर्ट -गुड्डू खान)। बीते गुरुवार की रात जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में रोडवेज बस स्टेशन के पास हुए दो पक्षों के बीच आपसी लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। इस खूनी संघर्ष में चाकू, लाठी और डंडों का इस्तेमाल हुआ, जिसमें तुषार शर्मा नामक एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

कोतवाली का घेराव और मैन चौराहे पर जाम
इस दुखद घटना के बाद शनिवार को मृतक तुषार शर्मा के परिजनों और स्थानीय लोगों ने खटीमा कोतवाली क्षेत्र का घेराव किया। उन्होंने खटीमा के मैन चौराहे पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। मृतक के परिवार ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा काटा।
[video width="848" height="478" mp4="https://uttarakhandtehelka.in/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251213-WA0012.mp4"][/video]मृतक के पिता का आरोप
मृतक तुषार शर्मा के पिता मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि बीती रात रोडवेज बस स्टेशन के पास 20-25 लोगों ने मिलकर उनके पुत्र तुषार शर्मा पर चाकू से वार किया, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
पालिका अध्यक्ष ने दिया समर्थन
इस दौरान, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रमेश जोशी भी मृतक के परिवार के साथ खड़े नजर आए। उन्होंने कहा कि वह मनोज शर्मा के साथ हैं और खटीमा का माहौल बिगड़ने नहीं देंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस जघन्य अपराध के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
एसपी उधम सिंह नगर ने दी जानकारी
[video width="848" height="478" mp4="https://uttarakhandtehelka.in/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251213-WA0011.mp4"][/video]घटना के संबंध में एसपी उधम सिंह नगर उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि बीती रात दो पक्षों के बीच आपसी मारपीट हुई थी, जिसमें दुर्भाग्यवश एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
________________________________________