उधम सिंह नगर जिले में जमीनी स्तर पर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कप्तान अजय गणपति ने प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी की ओर से जारी आदेश के तहत तत्काल प्रभाव से एक निरीक्षक और दस उप-निरीक्षकों को नई चौकियों और थानों की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के बाद से जिले के थानों और चौकियों में हलचल बढ़ गई है।

कोतवाली और एसओजी में नई तैनाती
एसएसपी कार्यालय में तैनात निरीक्षक संजय पाठक को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर बनाया गया है। वहीं सिडकुल सितारगंज चौकी के प्रभारी जगत सिंह शाही को एसओजी रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही लालपुर चौकी किच्छा के प्रभारी रहे बसंत प्रसाद का तबादला कोतवाली जसपुर के लिए किया गया है।
चौकियों पर बदले गए प्रभारी
जिले की कई प्रमुख चौकियों पर भी नए प्रभारियों को भेजा गया है। सरकड़ा सितारगंज चौकी प्रभारी दीपक तिवारी को लालपुर चौकी किच्छा भेजा गया है, जबकि बाजार चौकी रुद्रपुर के प्रभारी प्रदीप कोहली को सिडकुल सितारगंज चौकी की कमान दी गई है। जसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप-निरीक्षक भूपाल राम पौड़ी को शिवराजपुर पट्टी चौकी का जिम्मा मिला है। कुण्डा कोतवाली से नवीन जोशी को मंडी चौकी और रुद्रपुर कोतवाली में तैनात महेश काण्डपाल को रम्पुरा चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
तुरंत संभालेंगे जिम्मेदारी
बरहैनी चौकी प्रभारी संदीप शर्मा को बाजार चौकी रुद्रपुर और पुलिस लाइन से मनोज देव को बरहैनी चौकी भेजा गया है। रम्पुरा चौकी प्रभारी दीपक कौशिक को सरकड़ा सितारगंज चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस कप्तानी की ओर से साफ निर्देश हैं कि सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मी बिना किसी हीलाहवाली के तुरंत अपनी नई तैनाती पर पहुंचकर काम संभालें।
---समाप्त---