उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां मशहूर हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान को गोलियों से भून दिया गया। घटना उस वक्त घटी जब अंकित शहर के एक जिम में अपना वर्कआउट खत्म करके बाहर निकले थे। वह जैसे ही अपनी गाड़ी की तरफ बढ़े, वहां पहले से घात लगाकर बैठे चार हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

गोलियों की तड़तड़ाहट से फैली दहशत

हमलावरों का इरादा अंकित को बचने का कोई मौका न देने का था। उन्होंने बहुत करीब से गाड़ियों और अंकित पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में गोलियों की गूंज से अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे और हमलावर मौका पाकर पैदल ही कुछ दूरी तक भागे और फिर गाड़ियों से फरार हो गए। खून से लथपथ अंकित को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

हमलावरों की तलाश तेज


Advertisement

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे जिले में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस व उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। बदमाशों को ट्रैक करने के लिए पुलिस आसपास के दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शहर की सीमाओं पर नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।

​क्या राजनीतिक महत्वाकांक्षा बनी हत्या की वजह? 

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी लोकप्रिय चेहरा थे और सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग थी। बताया जा रहा है कि वह आगामी जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों में लगे हुए थे। ऐसे में पुलिस आपसी रंजिश, चुनावी रंजिश और पुरानी दुश्मनी समेत कई अलग-अलग पहलुओं से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

---समाप्त---