संभल हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मुल्ला अफरोज को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत की गई हिरासत की कार्रवाई रद्द कर दी। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद अफरोज की NSA के तहत हिरासत खत्म हो गई है। अदालत ने उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश भी दिया है। मामले की सुनवाई जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने की। 

24 नवंबर को हुई थी हिंसा
संभल में 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा हुई थी। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी। हिंसा के बाद पुलिस ने कई मुकदमे दर्ज किए। मुल्ला अफरोज को पुलिस ने 17 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था और वह जेल में था। बाद में संभल के जिलाधिकारी ने 13 अक्टूबर 2025 को उसके खिलाफ NSA के तहत निरोध आदेश जारी किया। जेल में बंद अफरोज को यह आदेश 14 अक्टूबर को जेल के जरिए दिया गया था।

NSA पर SC में उठे सवाल
अफरोज ने NSA की कार्रवाई को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा था कि पुलिस हिरासत में दिए गए कथित कबूलनामे को NSA के तहत हिरासत का आधार बनाया जा सकता है या नहीं। कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया था कि हिंसा के 54 दिन बाद अफरोज को गिरफ्तार क्यों किया गया, जबकि पुलिस के पास घटना के समय से ही सीसीटीवी फुटेज मौजूद था। 8 सितंबर को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। 

अब आगे क्या होगा
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से अफरोज को NSA मामले में राहत मिली है, लेकिन संभल हिंसा से जुड़े बाकी आपराधिक मुकदमों की स्थिति अलग रहेगी। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जून 2026 में NSA की कार्रवाई को चुनौती देने वाली उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अफरोज ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। हाई कोर्ट के रिकॉर्ड में यूपी सरकार ने अफरोज की हिरासत को हिंसा के बाद कानून-व्यवस्था पर पड़े असर के आधार पर सही बताया था। सुप्रीम कोर्ट ने अब NSA के तहत की गई हिरासत को रद्द कर दिया है और सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।


Advertisement

---समाप्त---