रुद्रपुर शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में काशीपुर बाईपास को चौड़ा करने के लिए बुधवार को प्रशासन का बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग (PWD) के 13.72 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत इस कार्रवाई का मुख्य केंद्र डीडी चौक से गावा चौक का मार्ग रहा। सुबह से ही प्रशासनिक अमले के साथ नगर निगम की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहा। अभियान की शुरुआत गांधी पार्क की दीवार तोड़ने के साथ हुई, जिसके बाद मार्ग में बाधक बन रहे अवैध निर्माणों को ढहाने का काम तेजी से आगे बढ़ाया गया।

​सड़क के सेंटर से दोनों ओर 60-60 फीट चौड़ाई सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की जद में लगभग 56 दुकानें आ रही हैं। रविवार को हुई मुनादी के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपने अवैध कब्जे हटाने शुरू कर दिए थे, जिसके बाद बुधवार को बची हुई संरचनाओं पर प्रशासन का बुलडोजर और हथौड़ा गरज उठा। नगर निगम की टीम की मौजूदगी में अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह साफ किया गया। सड़क से कब्जा हटते ही अब ऊर्जा निगम को अपने पोल व ट्रांसफार्मर हटाने तथा जल संस्थान को पेयजल पाइपलाइनें शिफ्ट करने का रास्ता साफ हो गया है।

​कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल तेज रही और किसी भी विरोध से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, इस वृहद अभियान के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पर भी असर देखने को मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार अग्रिम डायवर्जन प्लान न होने से दोपहर दो बजे स्कूलों की छुट्टी के वक्त वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बावजूद इसके, मुख्य फोकस अतिक्रमण मुक्त कराने पर रहा ताकि चौड़ीकरण का काम बिना रुकावट पूरा हो सके।

​लोक निर्माण विभाग के अनुसार, डीडी चौक से गावा चौक के इस एक किलोमीटर लंबे मार्ग से अतिक्रमण हटने के बाद बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बेहद सुगम हो जाएगी। इस चरण के सफल क्रियान्वयन के बाद अगले चरण में त्रिशूल चौक (इंद्रा चौक) पर भी इसी तरह अतिक्रमण हटाकर चौराहे के विस्तार की योजना बनाई गई है, जिससे रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारा जा सके।


Advertisement

---समाप्त---