मुरादाबाद, (उत्तराखण्ड तहलका): उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक ऐसी चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस और बैंक अधिकारियों दोनों को हैरान कर दिया है। चोरों ने किसी लॉकर या तिजोरी को नहीं, बल्कि पूरे के पूरे ATM मशीन को ही उखाड़ लिया और साथ ले भागे। माना जा रहा है कि इस ATM मशीन में करीब ₹7 लाख की नकदी मौजूद थी, जिसे लेकर बदमाश चंपत हो गए।
फिल्मी स्टाइल में की गई वारदात
यह अनोखी घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ATM बूथ पर हुई। वारदात को अंजाम देने का तरीका किसी हॉलीवुड फिल्म से कम नहीं था।

चोरों ने सबसे पहले तो खुद की पहचान छिपाने के लिए ATM बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों पर काला स्प्रे कर दिया। एक बार जब कैमरे निष्क्रिय हो गए, तो चोरों ने लोहे के औजारों का इस्तेमाल किया और भारी-भरकम मशीन को उसके फाउंडेशन से पूरी तरह से उखाड़कर अलग कर दिया। इसके बाद, उन्होंने ATM मशीन को अपनी गाड़ी में लादा और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। जब सुबह बैंक कर्मचारियों ने बूथ का खाली मंजर देखा, तो उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। एटीएम गायब था!
पड़ोसी जिले में मिली क्षतिग्रस्त ATM मशीन, नकदी गायब
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जाँच शुरू की। कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद चोरी की गई एटीएम मशीन पड़ोसी अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के एक सुनसान जंगल में पड़ी मिली।
हालांकि, यह किसी काम की नहीं थी। चोरों ने इस एटीएम मशीन को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था और उसके अंदर रखी पूरी की पूरी ₹7 लाख की नकदी गायब थी। चोरों ने मशीन को तोड़ने के बाद, जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने मशीन को कब्जे में ले लिया है और अब इस अनोखी चोरी के सुराग जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: SIR: क्यों बन रही BLO की मौतें का कारण और क्यों हो रहे मुकदमें दर्ज? मानवीय त्रासदी!
पेशेवर गैंग पर शक
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह किसी स्थानीय चोर का काम नहीं है। वारदात को अंजाम देने का पेशेवर तरीका—सीसीटीवी को स्प्रे से ढकना और इतनी भारी मशीन को आसानी से उखाड़ ले जाना—यह सब नूंह-मेवात या दिल्ली-एनसीआर के उन संगठित और शातिर गैंग की ओर इशारा करता है, जो एटीएम चोरी की इस तरह की अजीबोगरीब घटनाओं को अंजाम देने में माहिर हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। यह घटना शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि रात्रि के समय चोर पंजाब नेशनल बैंक की एटीएम मशीन को उखाड़ कर ले गए हैं. जिस गाड़ी में एटीएम मशीन को रखा गया है, उसका नंबर ट्रेस करके गहन छानबीन की जा रही है. इस घटना में सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है. बहुत ही जल्द घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. एटीएम में करीब छह लाख 92 हजार रुपये थे.
---समाप्त---