खटीमा, रिपोर्ट: गुड्डू खान। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने आज नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर तुषार शर्मा हत्याकांड के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्यशैली की जमकर तारीफ की। कार्यकर्ताओं ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ने के लिए भी पुलिस की सराहना की।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने इस दौरान युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अपराधी चाहे जिस धर्म या वर्ग का हो, उसे सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, जिससे राज्य को अपराध मुक्त बनाने का संकल्प साकार हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड अपराधियों के लिए कोई शरण स्थली नहीं बनेगा।
युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री गणेश ठुकराती ने कहा कि उत्तराखंड कौमी एकता का प्रतीक है और यहां सांप्रदायिक सद्भाव को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य के अपराध मुक्त होने का विश्वास जताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद, भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ विमल रावत और एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से मुलाकात कर अन्य बचे आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि सभी बचे आरोपियों के खिलाफ मिसाल कायम करने वाली कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते भाजपा कार्यकर्ता
इस अवसर पर, पूर्व नगर मंडल महामंत्री मनोज वाधवा ने स्मैक तस्करों के सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें संरक्षण देने वाले तत्वों को भी चिन्हित करने की मांग स्थानीय प्रशासन से की। बाद में, कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
---समाप्त---