एक परिवार के लिए रविवार काल बनकर आया। जिसने शादी की खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। इस दर्दनाक घटना में नवविवाहित जोड़े सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। घटना पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की है। जहां रविवार के तडके राजधानी के सेक्टर जी-7/2 स्थित एक रिहायशी मकान में शादी का उत्सव चल रहा था और मेहमानों की चहल-पहल थी। इसी बीच अचानक एक जोरदार गैस सिलेंडर विस्फोट हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनी गई और देखते ही देखते शादी वाला घर मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। इस हादसे ने न केवल एक परिवार की खुशियों को छीन लिया बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर बढ़ा दी है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मलबे से निकाले गए लोगों में से आठ की जान जा चुकी है।
दूल्हा और दुल्हन की दर्दनाक मौत
इस हृदयविदारक घटना की सबसे दुखद बात यह रही कि इसमें जान गंवाने वालों में वह नवविवाहित जोड़ा भी शामिल था जिसकी नई जिंदगी की शुरुआत होनी थी। इस्लामाबाद के अतिरिक्त उपायुक्त साहिबजादा यूसुफ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में दूल्हा और दुल्हन दोनों शामिल हैं। जिस घर में कल तक शहनाइयां गूंज रही थीं वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। धमाके के समय घर में कई रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे जो इस उत्सव का हिस्सा बनने आए थे। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि मकान की छत और दीवारें पूरी तरह गिर चुकी थीं।
अस्पताल में आपात स्थिति और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बचाव अधिकारियों ने मलबे से कुल उन्नीस लोगों को बाहर निकाला जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायलों को तुरंत पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि घायलों की संख्या और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। डॉक्टरों की विशेष टीमें घायलों के उपचार में जुटी हैं। मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने भी बचाव कर्मियों की काफी मदद की ताकि समय रहते जिंदगियां बचाई जा सकें।
प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव की आशंका
प्रशासन द्वारा की गई शुरुआती जांच के अनुसार यह भयानक विस्फोट गैस रिसाव के कारण हुआ माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि संभवतः रसोई या किसी अन्य स्थान पर गैस का रिसाव हो रहा था जिसने आग पकड़ ली और सिलेंडर फट गया। इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसने न केवल मुख्य मकान को गिराया बल्कि आसपास के कम से कम चार अन्य घरों को भी भारी नुकसान पहुँचाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें अभी भी मौके पर मौजूद हैं ताकि विस्फोट के सटीक कारणों और तकनीकी खामियों का पता लगाया जा सके।
देश के शीर्ष नेताओं ने जताया गहरा शोक
इस दर्दनाक हादसे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और संबंधित अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सीनेट सचिवालय की ओर से जारी बयान में सीनेट अध्यक्ष यूसुफ रजा गिलानी ने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी घटना है जिसने उत्सव के माहौल को अचानक मातम में बदल दिया। देश के विभिन्न नेताओं ने इस त्रासदी पर दुख जताते हुए गैस उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की है।
---समाप्त---