उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने उधम सिंह नगर दौरे के दौरान गदरपुर विधानसभा क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी और जनता को संबोधित किया। इसके साथ ही उन्होंने रुद्रपुर कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि जिन योजनाओं का क्षेत्रवासियों को लंबे समय से इंतजार था, वे अब धरातल पर उतर चुकी हैं और इन पहलों से गदरपुर को तीव्र विकास गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नए रोडवेज बस अड्डे, सड़कों और भवनों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। आधुनिक प्रतीक्षालय से लैस नए बस अड्डे से यात्रियों का सफर सुगम और सुरक्षित होगा और सरकार का मुख्य लक्ष्य नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाना है।
स्थानीय विधायक अरविंद पांडेय के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिका छात्रावास और आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय जैसी परियोजनाओं से अब बेटियों को शिक्षा के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा। इसके अलावा ग्रामीण विकास योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी लगातार काम किया जा रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जुमलों और सियासी बयानबाजी से ऊपर उठकर केवल जमीनी परिणामों और वास्तविक विकास कार्यों को महत्व देती है।

अपने दौरे के दूसरे मुख्य कार्यक्रम में रुद्रपुर कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 40 लाख रुपये की लागत से तैयार 09 फीट ऊंची आदमकद कांस्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। सीएम ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, गदरपुर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर, गुलरभोज नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---समाप्त---