बाजपुर, 20 नवंबर। वन अपराधों और अवैध कटान के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की संयुक्त टीम ने रसूलपुर नौगजा, मोहम्मदपुर स्वार स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट से सागौन के 20 नग बरामद किए हैं। यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चंद्र तिवाड़ी के दिशा-निर्देशन में प्रभाग स्तरीय गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की।

​सुनसान प्लॉट में तलाशी अभियान

​वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रसूलपुर नौगजा, मोहम्मदपुर स्वार के एक सुनसान खाली प्लॉट में अवैध लकड़ी रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान वहां से सागौन प्रजाति के कुल 20 नग मिले।

​चार रेंज की संयुक्त टीम सक्रिय


Advertisement

​यह मामला बरहनी वन क्षेत्र में अवैध रूप से पातित सागौन वृक्षों से जुड़ा बताया गया है। कार्रवाई के दौरान बरहनी, पीपलपड़ाव, रुद्रपुर और बन्नाखेड़ा रेंज की टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया। अभियान में उप प्रभागीय वनाधिकारी अमित कुमार ग्वासाकोटी, वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम, वन क्षेत्राधिकारी पीपलपड़ाव पी.सी. जोशी, वन क्षेत्राधिकारी बरहैनी मुकुल सुनाल, उप राजिक गोपाल कृष्ण कपिल, वन दरोगा सुरेंद्र सिंह तथा वन रक्षक अनिल सिंह थायत, विनोद चंद्र और दीपक नेगी शामिल रहे।

​अभिरक्षा में ली गई वन उपज

​तलाशी में मिले सागौन के सभी 20 नग वन विभाग ने अपनी अभिरक्षा में ले लिए हैं। विभाग की ओर से संबंधित प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​निगरानी और आगे की कार्रवाई

​वन विभाग के अनुसार, वन अपराधों को रोकने और वन संपदा की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त, निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

---समाप्त---