देहरादून, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और अपने पैतृक गांव में ही रह रही थीं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने की पुष्टि
सावित्री देवी के निधन की जानकारी पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि पंचूर गांव में ही उनका निधन हुआ और मौके पर डॉक्टर को भी बुलाया गया था। इसके अलावा पौड़ी के जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। हालांकि, अंतिम संस्कार से जुड़ा कार्यक्रम अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पैतृक गांव पंचूर में रहता है परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहता है। सावित्री देवी भी यहीं निवास कर रही थीं। योगी आदित्यनाथ सात भाई-बहनों में चार भाइयों और तीन बहनों के बीच दूसरे नंबर के हैं। उनके पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे, जिनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा कि माताजी का स्वर्गवास अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाला है। उन्होंने कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा परिवार के साथ हैं।
---समाप्त---