ऊधमसिंह नगर जिले की किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के चुनावी नतीजे जानने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बुधवार को होने वाली वोटों की गिनती को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मतगणना स्थल पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया। अफसरों ने सुरक्षा घेरे, बैरिकेडिंग और टेबल व्यवस्था को बारीकी से परखा। डीएम ने मौके पर तैनात अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि मतगणना तय समय पर ही शुरू होनी चाहिए और सभी जरूरी औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इस दौरान आरओ हिमांशु काफलटिया, संजय छिमवाल, एसडीएम ऋचा सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

​तीन घेरों में सुरक्षा

​मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है, ताकि बिना इजाजत कोई परिंदा भी भीतर पर न मार सके। पहले घेरे में स्थानीय पुलिस मुस्तैद रहेगी, जबकि बाकी हिस्सों में पीएसी और विशेष सुरक्षा दस्ते तैनात रहेंगे। जिले भर से बुलाए गए भारी पुलिस बल के साथ ही तीन कंपनी पीएसी भी सुरक्षा की कमान संभालेगी। किसी भी तरह की भीड़भाड़ या हंगामे से निपटने के लिए संवेदनशील रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाई गई है। मतगणना केंद्र और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। ड्रोन कैमरों की मदद से ऊंची इमारतों और आसपास की गलियों में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर सीधे कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।

​अफवाह फैलाने पर नपेंगे


Advertisement

​एसएसपी अजय गणपति ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि मतगणना के दौरान माहौल खराब करने या किसी भी तरह की अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों से पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी। पुलिस लाइन में हुई संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने कहा कि जीत-हार के बाद किसी भी तरह के उपद्रव या बिना अनुमति हुड़दंग मचाने की बिल्कुल छूट नहीं होगी। अगर किसी असामाजिक तत्व ने मतगणना प्रक्रिया में बाधा डालने या कानून हाथ में लेने की जुर्रत की, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​इंटरनेट पर कड़ी नजर

​जमीन पर पहरे के साथ-साथ पुलिस का साइबर सेल इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी चौबीसों घंटे पैनी नजर रख रहा है। व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर चुनावी नतीजों को लेकर फैलाई जाने वाली फर्जी खबरों और भड़काऊ पोस्टों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की उड़ती खबरों या अफवाहों पर कतई भरोसा न करें और न ही ऐसी पोस्ट को आगे बढ़ाएं। शांति बिगाड़ने की मंशा से गलत संदेश फैलाने वालों को चिन्हित कर सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

---समाप्त---