दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह अचानक आई आपदा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह 7:34 बजे आए 7.4 की तीव्रता वाले इस भीषण भूकंप का केंद्र राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर दूर चोको इलाके के 'सैन जोस डेल पाल्मार' में था। धरती में इतनी जोरदार हलचल हुई कि देखते ही देखते बहुमंजिला इमारतें हिलने लगीं और लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सड़कों की तरफ भागने लगे। इस आपदा में अब तक 111 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

​आपदा के तुरंत बाद चोको इलाके की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-कुरी ने सोशल मीडिया पर स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस भीषण झटके के बाद सबसे बड़ा खतरा दोबारा आने वाले झटकों यानी आफ्टरशॉक्स का है। गवर्नर के अनुसार, भले ही इस तबाही का केंद्र सैन जोस डेल पाल्मार था, लेकिन प्रांतीय राजधानी क्विब्डो सहित मनीज़ालेस, काली और परेरा जैसे बड़े शहरों में इमारतों को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है। कई घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं और मुख्य सड़कों पर बड़ी-बड़ी दरारें आने की वजह से आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ गई है।

​राहत और बचाव कार्य में जुटी आपातकालीन टीमें और स्थानीय प्रशासन मलबे के नीचे दबे लोगों को सही-सलामत बाहर निकालने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। कई जगहों पर जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबे को हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दूरदराज के इलाकों में नेटवर्क ध्वस्त होने के कारण सटीक जानकारी मिलने में दिक्कत आ रही है, जिससे आने वाले घंटों में हताहतों का आंकड़ा और बढ़ने की पूरी आशंका जताई जा रही है। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों के अस्पतालों को पूरी तरह अलर्ट पर रखा है ताकि घायलों का तुरंत इलाज हो सके।

​इस विनाशकारी भूकंप के झटके केवल कोलंबिया तक सीमित नहीं रहे। इसकी तरंगे सीमाओं को पार करती हुई पड़ोसी देशों वेनेजुएला और इक्वाडोर तक जा पहुंचीं। इक्वाडोर की राजधानी क्विटो और वेनेजुएला के सीमावर्ती शहरों में झटके महसूस होते ही सुरक्षा के तौर पर दफ्तरों, स्कूलों और व्यावसायिक इमारतों को तुरंत खाली कराया गया। हालांकि पड़ोसी मुल्कों में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सभी जगह आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।


Advertisement

---समाप्त---