भारतीय किसान यूनियन (प्रधान) के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली की गंभीर समस्याओं को लेकर विद्युत उपखण्ड कार्यालय बिलासपुर पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने एसडीओ बिलासपुर से मुलाकात कर उन्हें जनसमस्याओं से अवगत कराया।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में उपभोक्ता बिजली के अत्यधिक बिलों और गलत मीटर रीडिंग से बेहद परेशान हैं। आरोप लगाया गया कि मीटर रीडिंग लेने वाले कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता करते हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। किसानों ने मांग की कि इन गड़बड़ियों को तुरंत ठीक किया जाए और दोषी कर्मचारियों पर लगाम कसी जाए।
एसडीओ बिलासपुर ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें सम्मानपूर्वक समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि गलत बिलों की जांच कराकर उन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा और उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण होगा।
इस अवसर पर जिला प्रभारी सरदार सुबेग सिंह, जिला सचिव गुरप्रीत सिंह, जिला मंत्री पवनदीप सिंह, ग्राम अध्यक्ष (धारा नगरी) सरदार सोहन सिंह और हरप्रीत सिंह सहित अनेक किसान व पदाधिकारी मौजूद रहे।
---समाप्त---