36 विधानसभा बिलासपुर क्षेत्र के ग्राम रास डांडिया में शुक्रवार देर शाम समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां का 78वां जन्मदिवस बड़े ही धूमधाम और अनोखे अंदाज में मनाया गया। सपा नेता जयदेव यदुवंशी के निवास पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल और जयदेव यदुवंशी ने संयुक्त रूप से केक काटकर खुशियां बांटीं। आयोजन की सबसे अनूठी बात यह रही कि केक काटने के लिए पारंपरिक चाकू का इस्तेमाल न कर कलम का प्रयोग किया गया।

शिक्षा और सामाजिक उत्थान के कार्य किए याद

​समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने कहा कि मोहम्मद आजम खां ने अपने पूरे जीवन में शिक्षा के प्रसार और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने समाज को कलम की असली ताकत का अहसास कराया है, इसीलिए उनके सम्मान में जन्मदिन का केक चाकू की जगह कलम से काटा गया। सपा नेता जयदेव यदुवंशी ने कहा कि आजम खां ने समाज के हर तबके को शिक्षित करने का पुनीत कार्य किया है। उन्होंने क्षेत्र में उच्च शिक्षा की जरूरत को समझते हुए ऐतिहासिक जौहर यूनिवर्सिटी और कई विद्यालयों का निर्माण कराया। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया

भावुक हुए कार्यकर्ता, शीघ्र रिहाई की कामना

​कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने आजम खां के खिलाफ रचे जा रहे षड्यंत्रों पर गहरा दुख व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि एक महान शिक्षाविद और जननेता को झूठे मुकदमों में फंसाकर यूनिवर्सिटी जैसी संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। जयदेव यदुवंशी ने भावुक होकर प्रार्थना की कि अगर जरूरत हो तो उनकी भी उम्र आजम खां को लग जाए। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में अपने नेता के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जेल से शीघ्र रिहाई की ईश्वर से कामना की। इस अवसर पर सलमान शाह, अरविंद पटेल, पंडित रामोतार शर्मा, राजेन्द्र शेमा, वीर पाल सिंह गंगवार, हरपाल गंगवार, विकास गंगवार, कपिल यदुवंशी, देवेंद्र गंगवार, यामीन और मोहम्मद आजम सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Advertisement
---समाप्त---