स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा के साथ परिचित युवक द्वारा कार में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्रा को स्कूल छोड़ने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठाया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बदहवास हालत में घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

​रास्ते में रोककर ली थी लिफ्ट

​पंतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी रुद्रपुर के एक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। सोमवार सुबह वह रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। रास्ते में उसे छतरपुर का रहने वाला परिचित रंजीत सिंह मिल गया। रंजीत ने छात्रा से कहा कि वह भी उसी तरफ जा रहा है और उसे स्कूल छोड़ देगा। जान-पहचान होने के कारण छात्रा बिना किसी शक के उसकी कार में बैठ गई।

​शांति विहार मार्ग पर वारदात

​कार में बैठाने के बाद आरोपी उसे स्कूल ले जाने के बजाय शांति विहार की तरफ सुनसान रास्ते पर ले गया। वहां गाड़ी रोककर उसने छात्रा के साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। रोते हुए घर पहुंची छात्रा ने पूरी बात परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन सीधे रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी।

​आरोपी की धरपकड़ में दबिश

​कोतवाली के एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी रंजीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी घटना के बाद से फरार है, उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


Advertisement

---समाप्त---