कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास के बाहर शुक्रवार सुबह उस समय अचानक हलचल बढ़ गई, जब साधु-संतों के वेश में पहुंचे कुछ लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। अति-सुरक्षित माने जाने वाले इस इलाके में अचानक हुए इस घटनाक्रम से सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने फौरन मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को मुख्य द्वार से पीछे धकेला।
सूचना मिलते ही स्थानीय दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए साधु-संतों के इस समूह को हिरासत में ले लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने राहुल गांधी के आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे ये लोग तमिलनाडु से आए थे।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान, उनके संगठन और प्रदर्शन के मुख्य कारणों व मांगों का सटीक पता लगाया जा सके। शुरुआती तौर पर आधिकारिक पक्ष की ओर से प्रदर्शन के स्पष्ट कारणों पर कोई अंतिम बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में है।
---समाप्त---