रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जिला सरकारी अस्पताल परिसर में मोबाइल व्यवसायी नितेश जौहरी उर्फ राजकुमार की घटना के बाद पुलिस व प्रशासन ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज तथा सर्विलांस की मदद से महज 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों की पहचान कर मुख्य आरोपी विकास कुमार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ताजा घटनाक्रम में प्रशासन ने मुख्य आरोपी की दुकान को सील कर दिया है, जबकि उसके मकान के अवैध हिस्से पर बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। वहीं प्रशासन द्वारा नोटिस चस्पा कर मकानों के कागजात उपलब्ध कराने के लिए 15 दिन का समय दिया है। 

​दुकान सील होने के बाद मकान पर चला बुलडोजर

शनिवार को पीड़ित परिवार व स्थानीय नागरिकों की नाराजगी के बीच एसडीएम के निर्देश पर प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल व जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस व प्रशासन की टीम ने मुख्य आरोपी विकास कुमार की दुकान को पूरी तरह सील कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी के मकान पर प्रशासन की ओर से बुलडोजर चलाने की कार्रवाई जारी है तथा पक्के निर्माण पर नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जा रही है।

​बरेली से गिरफ्तारी के बाद पुलभट्टा में पुलिस कार्रवाई


Advertisement

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास कुमार घटना के बाद बरेली के इज्जतनगर से ट्रेन पकड़कर भागने की फिराक में था। सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने उसे इज्जतनगर से पकड़ लिया। रुद्रपुर लौटते समय पुलभट्टा थाना क्षेत्र में आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की सरकारी रिवॉल्वर छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने विकास के भाई आकाश कुमार व पिता विनोद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

​अफवाहों पर रोक के साथ पीआरडी जवान की सराहना

एसएसपी अजय गणपति ने भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए साफ किया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में नहीं हुई थी। उन्होंने 30 से 40 लोगों के शामिल होने की चर्चाओं को भी गलत बताया तथा स्पष्ट किया कि जांच में कुल छह आरोपियों की ही संलिप्तता सामने आई है। घटना के समय मौके पर तैनात पीआरडी जवान ने हमलावरों को रोकने व पीड़ितों को बचाने का पूरा प्रयास किया, जिसमें वह खुद भी घायल हो गया। एसएसपी ने कहा कि जिले में कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

​शुक्रवार को जिला अस्पताल में क्या हुआ था

बीते शुक्रवार को जगतपुरा (ट्रांजिट कैंप) निवासी मोबाइल व्यवसायी नितेश जौहरी उर्फ राजकुमार अपने छोटे भाई दिनेश के साथ दुकान के घायल कर्मचारी का मेडिकल व इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। वहां कामकाज से जुड़े विवाद के चलते इमरजेंसी वार्ड के पास हुए हमले में नितेश जौहरी की जान चली गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को हल्द्वानी रेफर किया गया है।

---समाप्त---