बिहार की राजधानी पटना की सड़कें आज राजनीतिक सरगर्मी और पुलिसिया कार्रवाई का केंद्र बनी रहीं। राष्ट्रीय जनता दल द्वारा आयोजित 'राजभवन मार्च' के दौरान उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने लगे।
सीवान में छात्रों के आंदोलन पर कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल, राज्य में लगातार हो रहे पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर यह मार्च निकाला गया था।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए सुबह से ही प्रदेश भर से भारी संख्या में कार्यकर्ता और युवा जेपी गोलंबर पर एकत्रित होने लगे थे।

प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते प्रदर्शनकारी
कई प्रदर्शनकारी प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराने के लिए हाथों में लकड़ी की डमी एके-47 और पुलिस की नकली वर्दी पहनकर पहुंचे थे। जैसे ही प्रदर्शनकारियों का जत्था डाकबंगला चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। बैरिकेडिंग तोड़ने और धक्का-मुक्की के बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।

तेजस्वी यादव सहित नेता हिरासत में
बढ़ते तनाव के बीच पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और पार्टी के कई अन्य विधायकों को बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शनकारियों परपर की बौछार
हिरासत में लिए जाने के दौरान तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार का युवा जब अपने अधिकारों, रोजगार और पारदर्शी परीक्षाओं के लिए आवाज उठाता है, तो सरकार उन पर लाठियां और पानी की बौछारें बरसाती है। उन्होंने सीवान की घटना को तानाशाही का प्रतीक बताते हुए कहा कि युवाओं के हक की लड़ाई को इस तरह की कार्रवाई से दबाया नहीं जा सकता।
प्रशासन का पक्ष
दूसरी तरफ, पटना जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई का बचाव किया है। प्रशासन का कहना है कि “सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रतिबंधित क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाई गई थी। प्रदर्शनकारियों द्वारा कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने और बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश के बाद ही हल्का बल प्रयोग और पानी की बौछारें करने का निर्णय लिया गया। फिलहाल एहतियात के तौर पर शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।”
---समाप्त---