राजधानी दिल्ली में आज का दिन भारी हलचल और सड़क जाम की चुनौतियों से भरा रहने वाला है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के तमाम विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। सांसदों और नेताओं का यह पैदल मार्च संसद भवन से शुरू होकर सुप्रीम कोर्ट तक जाएगा, जहां वे चीफ जस्टिस को ज्ञापन सौंपेंगे। दिल्ली में पहले से जारी सीजेपी प्रदर्शन और अब विपक्ष के इस बड़े मार्च को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

​सुबह 6 बजे से ट्रैफिक पर पहरा

​मार्च और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सुबह 6 बजे से ही सड़कों पर जरूरत के हिसाब से वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित और डायवर्ट किया जा रहा है। लुटियंस और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले तमाम प्रमुख संपर्क मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोल चक्कर, पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, राम चरण अग्रवाल चौक और डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर ट्रैफिक रेंगता नजर आ सकता है।

​इन 30 प्रमुख चौराहों पर रहेगा असर

​एडवाइजरी के अनुसार, कनॉट प्लेस और लुटियंस दिल्ली के आसपास वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित होगी। चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, बाराखंभा रोड टी-प्वाइंट, गुरु नानक चौक, भैरों रोड-रिंग रोड टी-प्वाइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद गोल चक्कर के आसपास आवागमन नियंत्रित रहेगा। इसके साथ ही मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस अंडरपास, मोती बाग फ्लाईओवर, विंडसर पैलेस, टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग, रेल भवन, संसद मार्ग, गोल डाकखाना, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल और अशोका रोड के चौराहों से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ सकता है।

​सफर से पहले रखें ध्यान

​सड़कों पर लगने वाले जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली, कश्मीरी गेट या सराय काले खां बस अड्डे और आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को घर से काफी अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। खासकर उन यात्रियों को ज्यादा सावधानी बरतनी होगी, जिनका रास्ता नई दिल्ली या मध्य दिल्ली से होकर गुजरता है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जमीनी हालात को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन में मौके पर भी तुरंत बदलाव किए जा सकते हैं।


Advertisement

---समाप्त---