मुंबई के पॉश इलाके जुहू में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपनी बीएमडब्ल्यू गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर संकरी गलियों के रास्ते तुरंत फरार हो गए।

फायरिंग के दौरान की वायरल वीडियो

​गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां

​हमलावरों ने गाड़ी की रफ्तार धीमी होते ही बेहद करीब से तीन से पांच राउंड फायर झोंके। गोलियां सीधे कार के शीशों और दरवाजों पर लगीं। गनीमत रही कि इस जानलेवा हमले में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित बच गए। हालांकि, ड्राइविंग सीट पर मौजूद उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लग गई। वहीं पास से निकल रहा एक ऑटो चालक भी छर्रे लगने से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को पास के नानावती अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


Advertisement

​बिश्नोई गैंग का दावा

​वारदात के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस सनसनीखेज हमले की जिम्मेदारी ले ली। इस दावे के सामने आते ही सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि इस दावे में कितनी सच्चाई है। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि हमलावरों का मकसद केवल दहशत फैलाना था या अभिनेता को पहले से कोई धमकी मिली हुई थी।

घटना को लेकर डीसीपी डॉ. मोहित कुमार गर्ग का बयान

​इलाके में नाकेबंदी

​फायरिंग की सूचना मिलते ही मुंबई क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स का दस्ता घटनास्थल पर पहुंच गया। पूरे इलाके को सील करके सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सड़क पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार शूटरों के भागने की दिशा साफ हो सके। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर पहरा कड़ा कर दिया गया है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

---समाप्त---