ऊधमसिंहनगर जनपद के बाजपुर क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा में जुटी टीम पर हमला करने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई की है। इस प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब 14 फरवरी की रात बरहनी वन प्रभाग को सूचना मिली कि दलजीत सिंह उर्फ डल्लू अपने गिरोह के साथ जंगल में खैर के प्रतिबंधित पेड़ों का अवैध कटान करने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में घेराबंदी तेज कर दी थी। अगले दिन सुबह तड़के जब वन टीम ने बाइक पर लदी लकड़ी के साथ तस्करों को रोकने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने पकड़े जाने के डर से सरकारी टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक हमले के बाद सभी आरोपी मौके से भागने में सफल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस की घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त रुख के बाद पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान ने टीम का गठन कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इसी कड़ी में 18 फरवरी की देर रात पुलिस को सफलता हाथ लगी जब मुख्य अभियुक्त दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को हरसान बरहेनी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। सत्ताईस वर्षीय आरोपी दलजीत सिंह ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने और उसके साथियों ने वन विभाग की टीम पर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई थीं।

निशानदेही पर ​अवैध बंदूक की बरामद

​गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने उस असलहे के बारे में भी जानकारी दी जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हरसान कपकोट मार्ग के समीप घनी झाड़ियों के बीच से एक 12 बोर की अवैध बंदूक बरामद की है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि तस्करों ने वन विभाग के दबाव को कम करने और मौके से भागने के लिए इस हथियार का उपयोग किया था। बरामदगी के पश्चात पुलिस ने विधिक कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए अभियुक्त का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस प्रशासन अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटा है जो इस हमले और अवैध कटान की घटना में शामिल थे। पकड़े गए मुख्य आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।


Advertisement
---समाप्त---