मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र अंतर्गत कपसाड़ गांव में घटी यह वारदात किसी फिल्मी पटकथा से कम खौफनाक नहीं थी। दलित समुदाय की एक युवती का गांव के ही पारस राजपूत से पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन इस इश्क का अंत इतना रक्तरंजित होगा इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। घटना के दिन युवती अपनी मां के साथ खेत की ओर जा रही थी, जहां उसके पिता पहले से काम कर रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपी पारस राजपूत ने कार से उनका रास्ता रोका और युवती को जबरन खींचने लगा। जब एक मां ने अपनी ममता का फर्ज निभाते हुए बेटी को दरिंदे के चंगुल से बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मां की हत्या की कीमत पर आरोपी युवती को अगवा कर वहां से फरार हो गया था।
विपिन ताडा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ
गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रेनों में काट रहे थे रातें
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पारस राजपूत पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। मेरठ पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं, लेकिन वह शातिर तरीके से अपनी लोकेशन बदल रहा था। जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी और युवती पिछले कई दिनों से लगातार ट्रेनों में सफर कर रहे थे। वे किसी भी शहर में ठहरने के बजाय एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक ट्रेन के जरिए आवाजाही कर रहे थे ताकि पुलिस को उनकी पुख्ता लोकेशन न मिल सके। खाकी के बढ़ते दबाव और सर्विलांस के जाल ने आखिरकार उनकी इस लुका-छिपी को खत्म कर दिया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हरिद्वार में छिपा हुआ है, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और युवती को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।
सख्त कार्रवाई और गांव में तनावपूर्ण शांति
इस गिरफ्तारी के बाद मेरठ पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि यह मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील बना हुआ था। आरोपी पारस राजपूत पर न केवल अपहरण बल्कि एक महिला की हत्या का भी गंभीर आरोप है। पुलिस अब युवती के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि अपहरण के दौरान उसके साथ क्या-क्या हुआ। गांव में एहतियात के तौर पर अभी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक मां की बेरहमी से हत्या करने वाले इस अपराधी के खिलाफ कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश किए जाएंगे ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। युवती की सकुशल बरामदगी के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
---समाप्त---